विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर तैयारियां तेज, 85% से अधिक मैपिंग पूरी,1 अप्रैल से चलेगा प्री-SIR में मैपिंग का सघन अभियान

देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों और प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में प्री-एसआईआर फेज के तहत 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। अप्रैल माह से डोर-टू-डोर अभियान को और तेज किया जाएगा, विशेषकर कम मैपिंग वाले बूथों पर फोकस रहेगा।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण और प्रभावी ढंग से किया जा सके।

“बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा शुरू

मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर शुरू किया गया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से कॉल बुक कर सकते हैं।
इसके लिए मतदाता ECI-NET ऐप या आधिकारिक पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं, जिसके बाद दो दिन के भीतर BLO द्वारा संपर्क किया जाएगा।

19 हजार से अधिक BLA नियुक्त

डॉ जोगदंडे ने राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अब तक 19,116 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।

इनमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9276, कांग्रेस पार्टी द्वारा 9506, सीपीआई (एम) द्वारा 217 और बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *