कमांद में नव निर्मित पुलिस चौकी का एसएसपी ने किया शुभारंभ

 

जनता के सहयोग से होगी बेहतर पुलिसिंगः एसएसपी अग्रवाल

धार्मिक विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, स्थानीय लोगों ने जताई खुशी

नई टिहरी। टिहरी जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नव निर्मित थाना छाम की पुलिस चौकी कमांद का विधिवत उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आयुष अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है और आम लोगों को चाहिए कि वे पुलिस से समन्वय बनाकर सहयोग लेते रहें।

एसएसपी अग्रवाल ने चौकी भवन में प्रवेश कर धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन सम्पन्न कराया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। एसएसपी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने के लिए है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग कमांद क्षेत्र के लोगों की हर संभव सहायता करेगा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी चौकी स्थापना पर संतोष जताते हुए पुलिस को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उनका कहना था कि चौकी खुलने से अब क्षेत्र में आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में सीओ चंबा महेश लखेड़ा, थाना छाम के एसओ सुखपाल सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। चौकी की स्थापना से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा और सुविधा की भावना को नया बल मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *