भटवाड़ी। विकासखंड भटवाड़ी के ग्राम जखोल में आयोजित श्रीरामलीला के पंचम दिवस पर भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। शिव धनुष भंग के बाद श्रीराम और माता जानकी के विवाह का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा गांव मंगल गीतों और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण समर्थकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राम विवाह के प्रसंग ने प्रेम, समर्पण, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया। पारंपरिक मंगल गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया।
आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही आयोजन में सहयोग और सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
