Your Website Description

पलायन के बावजूद पहाड़ से नहीं टूटा रिश्ता, पांडव नृत्य से गुलजार हुए गांव

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में बढ़ती ठंड के बीच रुद्रप्रयाग के गांवों में आस्था और लोक संस्कृति का उल्लास देखने को मिल रहा है। तरवाड़ी, थपलगांव और चीनग्वाड़ समेत कई गांवों में इन दिनों पांडव नृत्य और धार्मिक अनुष्ठानों की धूम है। ढोल-दमाऊ और भंकोरे की गूंज से गांवों का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

पांडव नृत्य के बहाने पलायन प्रभावित गांवों में एक बार फिर रौनक लौट रही है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, दिल्ली और अन्य शहरों में रहने वाले प्रवासी परिवार अपने पैतृक गांव पहुंच रहे हैं। वहीं धियाणियां भी मायके पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में भागीदारी कर रही हैं।

इन आयोजनों में बुजुर्गों के साथ युवा, महिलाएं और बच्चे भी उत्साह से शामिल हो रहे हैं। प्रवासी परिवार अपने बच्चों को भी गांव लाकर लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और रीति-रिवाजों से परिचित करा रहे हैं।

संस्कृति संरक्षण के लिए ठोस पहल जरूरी : रोबिन रावत

स्थानीय युवा एवं शोधकर्ता रोबिन रावत ने कहा कि पांडव नृत्य और लोक देवी-देवताओं से जुड़ी परंपराएं उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। इनके संरक्षण के लिए गांव स्तर पर सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने और लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग देने की जरूरत है।

अगली पीढ़ी तक पहुंच रही परंपराएं : नरेंद्र सिंह रावत

स्थानीय बुजुर्ग नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पांडव नृत्य जैसे आयोजन पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। इनसे युवाओं और बच्चों को अपनी विरासत समझने का अवसर मिलता है। साथ ही प्रवासियों और धियाणियों की वापसी से पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक एकजुटता भी मजबूत होती है।

पलायन के बावजूद पांडव नृत्य के आयोजन यह संदेश दे रहे हैं कि पहाड़ के लोगों का अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ाव आज भी कायम है। जरूरत है कि इन परंपराओं के संरक्षण के लिए सरकार और समाज मिलकर प्रयास करें, ताकि ढोल-दमाऊ की गूंज आने वाली पीढ़ियों तक बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *