जिला विकास प्राधिकरण की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को अक्टूबर तक पूर्ण करने के दिए आदेश

लंबगांव, थत्यूड़ और खारास्रोत में बनी पार्किंग के संचालन के निर्देश

टिहरी। बीती गुरुवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अंतर्गत पार्किंग परियोजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में निर्मित व निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित संचालन और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए गए।
बैठक में पहले से निर्मित पार्किंग परियोजनाओं जैसे बौराड़ी, थत्यूड़ मुख्य बाजार, लंबगांव और खारास्रोत की स्थिति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन स्थलों पर जल्द से जल्द पार्किंग संचालन प्रारंभ किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। लंबगांव और थत्यूड़ की पार्किंग को नगर पालिका व जिला पंचायत को सौंपने का प्रस्ताव बोर्ड में प्रस्तुत करने को कहा गया, जबकि हिंडोलखाल में दुकानें विकसित करने के निर्देश दिए गए।

जिला विकास प्राधिकरण की बैठक में पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

निर्माणाधीन पार्किंग परियोजनाओं के तहत पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण खंड चंबा द्वारा देवप्रयाग और कीर्तिनगर में चल रहे पार्किंग कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन कार्यों को अक्टूबर माह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। वहीं, मोटा नाला के समीप प्रस्तावित पार्किंग के लिए मिट्टी की जांच कराने, देवप्रयाग बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए नगर पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने तथा धनोल्टी की पार्किंग का संचालन जिला पंचायत को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।
घनसाली क्षेत्र में पार्किंग निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए जल निगम को संशोधित प्राक्कलन तैयार कर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं चमियाला में पार्किंग के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया के तहत व्यापार मंडल से निःशुल्क दाननामा की अपील की गई है। जमानीखाल की प्रस्तावित पार्किंग का एस्टीमेट शासन को भेज दिया गया है और देवप्रयाग से जुड़े प्रतिनिधि धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि भू-तकनीकी जांच रिपोर्ट एक माह के भीतर प्राप्त हो जाएगी।
नई टिहरी शहर में बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए, ताकि आगामी समय में ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके और शहरवासियों को सुचारु पार्किंग सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *