विधायक विक्रम सिंह नेगी बोले “पंचायती राज व्यवस्था है गांवों की सरकार की रीढ़”

टिहरी।  ओण पट्टी के मांजफ क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला पंचायत सीट से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी लक्ष्मी पंवार के समर्थन में रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने की और उन्होंने पंचायत चुनाव को लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरे जोश और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
विधायक नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूत रीढ़ है, जिसके माध्यम से गांवों की सरकार का गठन होता है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था की नींव स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने रखी थी, जिनका सपना था कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए।

कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव पहुंचाने और लक्ष्मी पंवार को जिताने का कार्यकर्ताओं से आह्वान

नेगी ने कांग्रेस शासन की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने गांवों तक सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से कांग्रेस ने गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया और अब समय आ गया है कि घर-गांव को स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण से जोड़ा जाए।
उन्होंने महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जब तक महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक समाज का वास्तविक विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच विकास केंद्रित है और गांव के हर कोने तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कांग्रेस ही कर सकती है।
विक्रम सिंह नेगी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी लक्ष्मी पंवार को जिताकर ही पंचायत स्तर पर सशक्त नेतृत्व सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *