उत्तरकाशी : पौंटी गांव में ध्याणी मिलन समारोह का तीन दिवसीय भव्य आयोजन किया गया है। शनिवार को पौंटी गांव में भद्रकाली मंदिर में मां भद्रकाली की देव डोली मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकल गई। और रात्रि को भजन संध्या का आयोजन किया गया है। रविवार को पौंटी गांव में भद्रकाली मंदिर परिसर में सभी ध्याणी इकट्ठी हुई और झमाझम बारिश के बीच हजारों की तादाद में ध्याणियों की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पौंटी गांव से होते हुए पैदल बिराल खोप स्थिति यमुना जी का जल भर कर वापस पौंटी भद्रकाली मंदिर में पहुंची जहां ग्रामीणों द्वारा ध्याणियों के क्लश यात्रा का भव्य स्वागत किया है। बाद में भद्रकाली मंदिर परिसर में ध्याणियों ने सामूहिक रूप से रवांईघाटी की पारंपरिक रासोनृत्य का आयोजन किया। साथ ही रात्री को विभिन्न सांस्कृति संध्या का आयोजन किया जा रहा है। वहीं पौंटी गांव की ध्याणियों की ओर से बहार गांव से आ रहे अतिथियों का स्वागत किया जा रहा है। सोमवार को हजारों ध्याणियों का मिलन समारोह में सम्मानित किए जाएंगे तथा सभी ध्यान मिलकर माता भद्रकाली को विशेष भेंट चढ़ाएंगे।