टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को टिहरी झील के तट पर हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टिहरी झील आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगी। इस दौरान उन्होंने कोटी कॉलोनी–नई टिहरी रोपवे के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की भूमि आध्यात्मिकता और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम रही है। हमारी नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ साहसिक खेलों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं और उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इस क्रम में आदि कैलाश में राज्य की पहली हाई-एल्टीट्यूड मैराथन तथा माणा गांव में एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इसमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना प्रमुख योजनाओं में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। लगभग 318 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग करीब 15 किलोमीटर लंबा होगा।
टिहरी लेक फेस्टिवल के तहत 9 मार्च तक साहसिक खेल, पर्यटन गतिविधियां और लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

