Gauchar Mela 2026: 14 नवंबर से शुरू होगा 74वां गौचर मेला, डीएम ने दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

14 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला-2026

चमोली। गौचर में आगामी 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले को भव्य, व्यवस्थित और जनोपयोगी बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को मेला समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी एवं मेला अध्यक्ष गौरव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गौचर मेला चमोली की औद्योगिक, सांस्कृतिक और स्थानीय विरासत को व्यापक मंच देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले में स्थानीय संस्कृति, उत्पादों, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

SJVN

विज्ञापन

स्थानीय व्यापारियों और कलाकारों को मिलेगा अवसर

बैठक में व्यापार संघ की ओर से मुख्य मेला मंच के आसपास के क्षेत्र को खुला एवं व्यवस्थित रखने, स्थानीय दुकानदारों के लिए दुकान आवंटन की दरों में रियायत देने और सांस्कृतिक संध्याओं को और व्यापक बनाने का सुझाव दिया गया। स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

मेले में पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी, स्वागत समिति के गठन और विभागीय गोष्ठियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने को लेकर भी चर्चा हुई।

युवाओं के लिए लगेगा रोजगार मेला

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने मेले के दौरान स्मारिका प्रकाशन, महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित करने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए रोजगार मेले के आयोजन का सुझाव दिया।

उद्योग विभाग और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई।

विभागीय स्टॉलों को बनाया जाएगा जनोपयोगी

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि विभागीय स्टॉल केवल औपचारिक प्रदर्शनी तक सीमित न रहें। स्टॉलों को आकर्षक, जानकारीपरक और जनोपयोगी बनाया जाए। रोस्टर के अनुसार योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि मेले में महिलाओं और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें स्थानीय उत्पादों, उद्यमिता, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित की जाएं।

सुरक्षा और पार्किंग पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने समय से ले-आउट प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए पार्किंग, शौचालय, पेयजल, विद्युत, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मेले से पहले मैदान के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण कराने के साथ सुरक्षा ऑडिट कराने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर रहेगा प्रतिबंध

मेले को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रतिबंध प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने और आगामी बैठकों में तैयारियों की प्रगति प्रस्तुत करने को कहा।

73वें मेले का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत

बैठक में मेलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौड़ियाल ने 73वें गौचर मेले की व्यवस्थाओं और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद आगामी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, औद्योगिक एवं विभागीय प्रदर्शनी, व्यापारिक गतिविधियों, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, पालिका के सभासद एवं पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा अनूप नेगी, भुवन नौटियाल, राजेंद्र सगाई, कांती डिमरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *