कर्णप्रयाग विवाद प्रकरण में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए हथियार

चमोली।  कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में स्थानीय व्यापारियों और हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद के मामले में चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में चार लोग घायल हुए थे, जिनका उपचार कराया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 जून को कर्णप्रयाग स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी तथा बीच-बचाव के लिए पहुंचे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे चार व्यक्ति घायल हो गए।

घटना के संबंध में पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया गया।

घटना में शामिल चौथे आरोपी को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनप्रीत सिंह (23), अजय सिंह (23), सतविंदर सिंह (21) और मनप्रीत सिंह (21) निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त चार धारदार हथियारों तथा दो मोटरसाइकिलों को बरामद किया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त भी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में पुलिस द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता करने तथा वाहन में हॉकी स्टिक आदि रखने पर जीरकपुर, चंडीगढ़ निवासी तीन व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई तथा उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *