देहरादून। जीआरडी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल, राजपुर रोड, देहरादून द्वारा शनिवार को संस्थान के संस्थापक चेयरमैन स्वर्गीय सरदार राजा सिंह की स्मृति में “सरदार राजा सिंह मेमोरियल चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल” की आधारशिला रखी गई।
यह अस्पताल उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वंचित एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
समारोह के मुख्य अतिथि, उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर ने कहा कि निजी क्षेत्र द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में किए जा रहे ऐसे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने और राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन सरदार इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उनके पिता का उद्देश्य हमेशा से जनहित में कार्य करना और समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना रहा है, जिसे संस्था निरंतर आगे बढ़ा रही है।
महानिदेशक डॉ. पंकज चौधरी ने कहा कि अब उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं को मेडिकल शिक्षा के लिए अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। संस्थान आगामी वर्षों में राज्य में ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने जा रहा है, जिससे छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ अपनी शिक्षा पूरी कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल सस्ती, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूर्णतः समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम में चेयरमैन सरदार इंद्रजीत सिंह ओबेराय, प्रेजिडेंट डॉली ओबेराय, वाइस प्रेजिडेंट सरदार प्रबजी ओबेराय, गुरु राम दास एजुकेशनल ट्रस्ट के ट्रस्टीज, महानिदेशक डॉ. पंकज चौधरी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
