जिलेभर में चैत्र नवरात्र अष्टमी-नवमी पर उमड़ी आस्था, मंदिरों और घरों में कन्या पूजन

उत्तरकाशी। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और नवमी पर जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कुटेटी देवी मंदिर, मां शक्ति मंदिर और रेणुका मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों और घरों में कन्या पूजन किया गया।

महापर्व के तहत गुरुवार को महाअष्टमी का पूजन संपन्न हुआ, जबकि महानवमी की पूर्णाहुति शुक्रवार को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ की जाएगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार अष्टमी पर सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग का विशेष संयोग बना, जिससे देवी आराधना का महत्व और बढ़ गया।

मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कुटेटी देवी मंदिर में राम नवमी के अवसर पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर समिति के अनुसार सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

मंदिर के पुजारी ललित नौटियाल ने बताया कि मां महागौरी को परम कल्याणकारी देवी माना जाता है। उनकी आराधना से पूर्व जन्म के पापों का नाश होता है और जीवन के दुख, दरिद्रता व कष्ट दूर होते हैं। इस दिन भक्त व्रत पारण के साथ कन्या पूजन भी करते हैं।

पूरे जिले में यह पर्व आस्था, भक्ति और विश्वास के साथ मनाया जा रहा है, जिससे धार्मिक वातावरण और भी भक्तिमय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *