पुरोला: नववर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर शिशु मंदिर पुरोला में खंड नगर के स्वयंसेवकों द्वारा भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने हिंदू नववर्ष का स्वागत उत्साह और श्रद्धा के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नववर्ष प्रतिपदा केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। मान्यता है कि इसी दिन सृष्टि की रचना हुई, जो हमें नई ऊर्जा, संकल्प और दिशा प्रदान करती है।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने आद्य गुरु को नमन करते हुए राष्ट्र सेवा, समाज संगठन और संस्कार निर्माण का संकल्प लिया। नवीन ने अपने संबोधन में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन संकल्प, चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में गोविंद राणा सहित प्रभात, फकीर रावत, अनूप, संजय रावत, मोहन नौटियाल, मालचंद, रामचंद्र और बलदेव समेत अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अंत में सभी स्वयंसेवकों ने पथ संचलन कर संगठन और एकता का संदेश दिया।
यह आयोजन पूरे क्षेत्र में नवचेतना और संगठनात्मक ऊर्जा का प्रतीक बना।
