खेल महाकुंभ में युवाओं का उत्साह चरम पर, न्याय पंचायतों के बाद अब विधानसभा स्तर पर दिखा रहे दम

नई टिहरी। जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही सीएम ट्रॉफी खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का रोमांच अब अपने अगले चरण में पहुंच गया है। जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सभी 75 न्याय पंचायतों में प्रतियोगिता का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय बालक-बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी खेल भावना का परिचय दिया। न्याय पंचायत स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मौके पर ही क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिससे ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

 

खेल महाकुंभ के दूसरे चरण के तहत अब जनपद की छह विधानसभा सीटों पर विधायक ट्रॉफी का आयोजन शुरू हो गया है, जो आगामी 10 जनवरी 2026 तक चलेगा। इस कड़ी में 2 जनवरी को देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विधायक विनोद कंडारी और प्रतापनगर विधानसभा में विधायक विक्रम नेगी ने विधिवत रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इन प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर के विजेता खिलाड़ी अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रथम न्याय पंचायत को एक लाख रुपये की विधायक ट्रॉफी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये की पुरस्कार धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *