उत्तरकाशी। इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन उत्तरकाशी द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को वरुणावत पर्वत टॉप पर इको पार्क विकसित करने को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विभाग, वन विभाग और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इको पार्क के निर्माण के लिए किसी अनुभवी आर्किटेक्ट के साथ बैठक कर आकर्षक, आधुनिक एवं पूर्णतः इको-फ्रेंडली डिजाइन तैयार किया जाए, जिससे पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि पार्क का विकास इस प्रकार किया जाए कि पहाड़ों की नैसर्गिक सुंदरता और स्थानीय जैव विविधता सुरक्षित रहे।
बैठक में वरुणावत टॉप तक पहुंच को और अधिक सुगम बनाने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बस अड्डे के समीप से वरुणावत व्यू पॉइंट तक प्रस्तावित ट्रेक मार्ग के सुधारीकरण के निर्देश दिए। साथ ही इको पार्क में कैफेटेरिया, बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था, सेल्फी पॉइंट और सूचना बोर्ड जैसी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को इन सभी सुविधाओं को सम्मिलित करते हुए शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इको पार्क के विकास से पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
