नई टिहरी। भिलंगना विकासखंड के प्रमुख व्यापारिक केंद्र घनसाली बाजार में पिछले करीब डेढ़ महीने से स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ चल रहे आंदोलन का आखिरकार सुखद समाधान निकल आया है। पिछले 48 दिनों से स्वास्थ्य सुविधाओं के उच्चीकरण और सुधारीकरण की मांग को लेकर धरने पर बैठे आंदोलनकारियों के बीच गुरुवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल स्वयं पहुंचीं। जिला प्रशासन के मुखिया को अपने बीच पाकर आंदोलनकारियों ने विस्तार से अपनी व्यथा और क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जिलाधिकारी की पहल और संवेदनशीलता के बाद प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सकारात्मक वार्ता संपन्न हुई, जिसके फलस्वरूप लंबा चला यह धरना समाप्त हो गया।
जिलाधिकारी ने धरना स्थल पर आंदोलनकारियों के साथ बैठकर उनकी सात सूत्रीय मांगों पर बिंदुवार और विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जो मांगें जिला स्तर से संबंधित हैं, उन पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, जो मुद्दे शासन और नीतिगत स्तर के हैं, उनके समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा शासन को पत्राचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुरजोर पैरवी की जाएगी।
जिलाधिकारी के इस ठोस आश्वासन और सकारात्मक रुख को देखते हुए संघर्ष समिति ने अपना आंदोलन वापस लेने की घोषणा की।धरना समाप्ति के अवसर पर आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके व्यक्तिगत हस्तक्षेप से ही इस गतिरोध का समाधान संभव हो पाया है।
