TEHRI: जिला सभागार में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की संयुक्त अध्यक्षता में रेलवे परियोजना एवं विधानसभा क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेलवे कार्यों, क्षति और मुआवजा वितरण, स्वास्थ्य सुविधाएं, जल जीवन मिशन और अन्य विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक ने जानकारी दी कि श्रीनगर के डॉ. रचित ने अपने अवकाश के दौरान देवप्रयाग/कीर्तिनगर क्षेत्र में सेवाएं देने की इच्छा जताई है। इस पर डीएम ने सीएमओ को आवश्यक औपचारिकताएं तुरंत पूरी करने के निर्देश दिए।
रेलवे परियोजना पर चर्चा करते हुए प्रभावित पाँच गांवों का पुनः सर्वे कराने हेतु अलग-अलग टीम गठित कर रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने मांग उठाई कि जिनका नाम पहले सर्वे में छूट गया है, उन्हें भी लाभ मिले। रेलवे डीजीएम भूपेन्द्र ने बताया कि तय दायरे में प्रभावितों को मुआवजा मिलेगा और 70% से अधिक क्षति वाले मकानों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। डीएम ने सही आकलन कर प्रभावितों को राहत देने के निर्देश दिए।
खनन ट्रकों की ओवरलोडिंग और पत्थर गिरने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पुलिस और खनन विभाग को कार्रवाई करने को कहा। नैथाणा स्टेडियम के संदर्भ में बताया गया कि डंपिंग कार्य के बाद 120×80 मीटर का स्टेडियम बनाया जाएगा। रेलवे निर्माण से क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने और कीर्तिनगर पार्किंग स्थल को समतलीकरण कर नगर पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
विधायक कंडारी ने कीर्तिनगर, चौरास और मलेथा क्षेत्र में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए पुलिस विभाग को सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
