देहरादून साइंस सिटी बनेगी विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान का राष्ट्रीय केंद्र: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) परिसर में निर्माणाधीन साइंस सिटी परियोजना का निरीक्षण किया और विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति (STIP) परिसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देहरादून में विकसित हो रही साइंस सिटी आने वाले समय में उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के लिए विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनेगी।

मुख्यमंत्री ने ‘विज्ञान सेतु’ पहल के अंतर्गत सामुदायिक विज्ञान रेडियो ‘विज्ञान वाणी’ (88.8 मेगाहर्ट्ज), ‘विज्ञान दृश्यम’ और ‘विज्ञान धारा’ का लोकार्पण करते हुए कहा कि इन माध्यमों से वैज्ञानिक जानकारी और अनुसंधान का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में उत्तराखंड को भी इन आधुनिक तकनीकों में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में तकनीक आधारित मजबूत नवाचार इकोसिस्टम विकसित कर रही है और पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की जा चुकी है, जिससे युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, स्टेम लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट सूचना केंद्र और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने यूकॉस्ट परिसर में स्टार्टअप सेंटर स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पौधरोपण किया और कहा कि विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण तथा नवाचार के समन्वय से ही उत्तराखंड को विज्ञान आधारित ज्ञान अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *