देहरादून में समाधान दिवस: 102 शिकायतें दर्ज, निवेश में ठगी और जमीन पर कब्जे के मामले छाए*
देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें दर्ज हुईं।
*लाखों की ठगी के मामले:*
ऋषिकेश की रेखा चतरथ (18.95 लाख), नीलम नेगी (14.75 लाख) और ऋतु गर्ग (4.25 लाख) ने दून स्मृद्धि लिमिटेड पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। वहीं नथुवाला के अखिलेश उनियाल से नौकरी के नाम पर 1.75 लाख रुपये ठगे गए।
*परेशान बुजुर्गों की गुहार:*
नेहरू कॉलोनी की 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बेटे-बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। इस पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का सिर्फ कागजी निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
