देहरादून। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की प्रधानमंत्री विकास योजना** के तहत 11 से 15 जुलाई तक देहरादून के परेड ग्राउंड में पांच दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय **‘लोक संवर्धन पर्व’** का आयोजन किया जाएगा। उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास करेंगे।
पर्व में उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के अल्पसंख्यक कारीगर अपने पारंपरिक एवं स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगे। कुल 160 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 130 शिल्पकारों और 30 फूड कोर्ट के लिए होंगे। स्थानीय कारीगरों के लिए 40 प्रतिशत स्टॉल आरक्षित रखे गए हैं तथा चयनित प्रतिभागियों को स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए मानसून को देखते हुए वॉटरप्रूफ टेंट, जल निकासी, सुरक्षा, अग्निशमन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डेंगू की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और दवा छिड़काव करने को भी कहा।
पांच दिवसीय यह पर्व प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या भी होगी, जिसमें देशभर के कलाकार अपनी लोक संस्कृति और कला की प्रस्तुतियां देंगे।
