देहरादून रोजगार मेला: 39 युवाओं को मिली नौकरी, 23 दूसरे चरण के इंटरव्यू के लिए चयनित

देहरादून। प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन विभाग की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून में आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ, जबकि 23 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रोजगार मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन किया।

मेले में निजी क्षेत्र की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल और निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।

उत्तरकाशी से पहुंचे अभ्यर्थी प्रमोद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग की यह पहल युवाओं के लिए रोजगार का प्रभावी मंच बन रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें रोजगार मेले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली और ऐसे आयोजनों से प्रदेश में ही रोजगार पाने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग भविष्य में भी नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित 14 कंपनियों में से 12 कंपनियों ने मेले में भाग लिया, जिससे अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *