Your Website Description

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार सहित की डिजिटल जनगणना, प्रदेशवासियों से स्व-गणना में भाग लेने की अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलती है।

डिजिटल तकनीक से आसान होगी जनगणना प्रक्रिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ ही सूचनाओं के संकलन में भी सुगमता आएगी।

उन्होंने कहा कि जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी महत्वपूर्ण है। प्रदेशवासी निर्धारित अवधि में स्व-गणना अवश्य करें और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक परिवार की सक्रिय भागीदारी से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े आने वाले वर्षों में प्रदेश की विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझने और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का मौका

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

प्रदेशवासी निर्धारित अवधि में पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद घर-घर जनगणना के दौरान प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *