देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को डिजिटल माध्यम से आमजन तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को लोगों तक सहज भाषा में पहुंचाया जा सकेगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन तक सूचनाओं की पहुंच बढ़ाने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
फेक न्यूज से बचने के लिए सूचना की सत्यता जांचना जरूरी
सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी सूचना को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की भली-भांति जांच कर ले।
उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि के भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से समाज में गलत संदेश जा सकता है। ऐसे में विश्वसनीय जानकारी साझा करना और डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग करना बेहद जरूरी है।

सोशल मीडिया से वैश्विक पहचान बना रही उत्तराखंड की लोक संस्कृति
सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और स्थानीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर चर्चा करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने हमारी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे लोक पर्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच रही है।
उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं के प्रसार और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करें।
जिला सूचना कार्यालय का किया निरीक्षण
डिजिटल पॉडकास्ट के शुभारंभ के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
