हरेला पर्व पर सीएम धामी ने किया पौधरोपण, हर्बल पर्यटन और औषधीय पौधों के संरक्षण पर दिया जोर

 

 

पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास उत्तराखंड को हर्बल और वेलनेस पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगे।

 

मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां हिमालयी क्षेत्रों सहित देशभर से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *