देहरादून। आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड द्वारा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य के आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधि निर्माताओं तथा औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों के लिए e-Aushadhi.gov.in पोर्टल के संचालन एवं उपयोग संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार एवं सहायक औषधि नियंत्रक डॉ. आलोक शुक्ला ने प्रतिभागियों को पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन लाइसेंस आवेदन, लाइसेंस निर्गमन तथा अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयुर्वेदिक, सिद्ध एवं यूनानी औषधियों के निर्माण एवं लाइसेंसिंग प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने के उद्देश्य से e-Aushadhi.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है। इसके माध्यम से औषधि निर्माण से संबंधित सभी लाइसेंसिंग एवं अन्य सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 जुलाई 2026 को आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवा निदेशालय, उत्तराखंड, देहरादून के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें राज्यभर के आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधि निर्माताओं तथा औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के संबंधित संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की।
