भिकियासैंण। पुष्कर सिंह धामी शनिवार को भिकियासैंण पहुंचे और विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल के भाई एवं भिकियासैंण के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय सतीश नैनवाल के पीपलपानी संस्कार में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री ने स्व. सतीश नैनवाल के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय सतीश नैनवाल सामाजिक सरोकारों से जुड़े एक सक्रिय जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
सीएम धामी ने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शोक की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
