सीडी बर्कोटी में पशुधन प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फोड़कांड/बर्कोटी। पशुपालन विभाग, उत्तराखंड की ओर से फोड़कांड पट्टी के अंतर्गत सीडी बर्कोटी में पशुधन प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में आसपास के गांवों से आए पशुपालकों ने अपने श्रेष्ठ पशुओं को प्रस्तुत कर सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम ने क्षेत्र में पशुपालन के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया।

वैज्ञानिक पशुपालन पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी का उद्देश्य ग्रामीण पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है।
उन्होंने पशुओं के नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण तथा रोगों की समय पर पहचान और उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालक अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं और पशुपालन को स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बना सकते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने किया उत्साहवर्धन

ग्राम प्रधान सुभाष जोशी ने कार्यक्रम में पहुंचे अधिकारियों और पशुपालकों का स्वागत करते हुए विजेताओं को बधाई दी। इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन असवाल, डॉ. राजवीर सहित विभागीय कार्मिक—पूजा भट्ट, प्रशांत कुमार, अमित, प्रीति और प्रीतम मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

उत्कृष्ट पशुओं को किया गया सम्मानित

प्रदर्शनी में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट पशुओं का चयन कर प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए—

  • बद्री गाय वर्ग – प्रदीप चौहान (सीडी)

  • भैंस वर्ग – धनीराम (सीडी)

  • घोड़ा वर्ग – बचन सिंह (बर्कोटी)

  • खच्चर वर्ग – संजय जोशी (सीडी)

  • शंकर गाय वर्ग – अर्जुन सिंह (सीडी)

  • बकरी पालन वर्ग – विजयपाल (सीडी)

कार्यक्रम के अंत में पशुपालकों ने विभाग से भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की मांग की, ताकि क्षेत्र में पशुपालन को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *