उत्तरकाशी। जनपद भ्रमण के दूसरे दिन मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने शनिवार को गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यात्रा व्यवस्थाओं में समन्वय पर जोर
रिमझिम बारिश के बीच गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी न रहे और श्रद्धालुओं को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने गंगोत्री धाम के घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहनी चाहिए। श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग और मंदिर समिति आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को सुचारु रखें।
