देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल ₹75.36 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, बाढ़ सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
एससीएसपी योजना के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल के पाबौ विकासखंड में बेड़ा–जगड़ मोटर मार्ग के किमी 1.00 से 5.00 तक सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण कार्य के लिए ₹3.58 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं हरिद्वार के राजकीय उपजिला चिकित्सालय रुड़की में विद्युत रीवायरिंग कार्य के लिए ₹3.93 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में न्यू कैंट मोटर मार्ग (सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल) को दो लेन से 10.50 मीटर चौड़ा करने के दूसरे चरण के लिए ₹16.87 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाहिने किनारे पर तटबंध और बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹15.69 करोड़ की योजना को स्वीकृति दी गई है।
नगर विकास से जुड़े कार्यों के तहत ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए ₹6.79 करोड़ और पिथौरागढ़ नगर निगम में देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण के लिए ₹9.81 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्यूनिटी हॉल के निर्माण के लिए ₹14.24 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।
चारधाम और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा के लिए एआई सिस्टम
मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एआई आधारित फेसियल रिकग्निशन सिस्टम और डाटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर लगाने की मंजूरी भी दी है। यह सिस्टम पांच जनपदों में स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए ₹4.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से चारधाम और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
