मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत लगा शिविर, 44 प्रकार की जांचों की मिली सुविधा
चमोली। ग्राम सभा लासी में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत श्रम विभाग चमोली की ओर से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 52 श्रमिकों और उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान ग्रामीणों को गांव में ही विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में आंख, कान, नाक और दांतों की जांच के साथ ईसीजी, त्वचा परीक्षण, रक्तचाप और फेफड़ों की जांच सहित कुल 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गईं। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
ग्रामीणों ने श्रम विभाग और स्वास्थ्य टीम का जताया आभार
शिविर के आयोजन पर ग्राम प्रधान सुभागा देवी और प्रधान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता नयन सिंह कुंवर सहित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पहुंची हेल्थएटीएम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की टीम और श्रम विभाग चमोली का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से श्रमिकों और उनके परिवारों को अपने गांव में ही जरूरी स्वास्थ्य जांच कराने का अवसर मिलता है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में सुविधा होती है।
