उत्तराखंड नई टिहरी। वित्त मंत्रालय भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के संयुक्त निर्देशन में जिला अग्रणी बैंक टिहरी गढ़वाल द्वारा गुरुवार को विकास भवन के समीप खेल विभाग भवन सभागार में ‘‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’’ वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य उन खाताधारकों को जागरूक करना था, जिनकी जमा धनराशि वर्षों से दावा न किए जाने के कारण अनक्लेम्ड श्रेणी में चली गई है और जिन्हें अब निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आसानी से वापस प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्यों ने विभिन्न विभागों और 21 व्यक्तिगत लाभार्थियों को कुल 29 लाख 85 हजार 926 रुपये के चेक वितरित कर अभियान को मूर्त रूप दिया। अभियान के संदेश को व्यापक करने के लिए इस मौके पर वित्त मंत्रालय द्वारा जारी ‘‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’’ पुस्तिका का भी औपचारिक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत ने कहा कि अनक्लेम्ड वित्तीय संपत्तियों के सुगम और त्वरित निपटान हेतु भारत सरकार द्वारा संचालित यह अभियान अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने बताया कि कई खाताधारक जानकारी के अभाव में अपने पुराने बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा पॉलिसियों या अन्य निवेशों में जमा राशि का दावा नहीं कर पाते, जिसके चलते उनकी मेहनत की पूंजी वर्षों तक निष्क्रिय पड़ी रहती है।
ऐसे में यह अभियान नागरिकों को अपनी ही पूंजी वापस प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए।
