कर्मचारी उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

 

 

नई टिहरी। कर्मचारियों के प्रति दमनकारी नीति अपनाने और एस्मा लागू किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नई टिहरी के गणेश चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्र हुए और आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार कर्मचारियों के उत्पीड़न पर आमादा है तथा अपनी तानाशाही प्रवृत्ति के चलते लगातार विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार का यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और कर्मचारियों के जायज अधिकारों को कुचलने जैसा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया और एस्मा जैसे कठोर निर्णय वापस नहीं लिए, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और सहमति से निकल सकता है, लेकिन सरकार टकराव का मार्ग अपनाकर प्रदेश में असंतोष को बढ़ा रही है, जिसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *