कांवड़ मेला-2026 से पहले हरिद्वार के घाटों पर आधुनिक सफाई व्यवस्था, स्क्रबर और ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों से होगी सफाई

 

 

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने महत्वपूर्ण पहल की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के प्रयासों से नगर निगम ने कोटक बैंक के सहयोग से घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए अत्याधुनिक स्क्रबर एवं ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों की व्यवस्था की है। इन मशीनों के माध्यम से घाटों की नियमित, तेज और उच्च गुणवत्ता वाली सफाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।

 

इस पहल का शुभारंभ महापौर किरण जैसल ने किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और नगर निगम की प्राथमिकता कांवड़ मेला-2026 तथा आगामी कुंभ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सफाई मशीनों के उपयोग से घाटों की सफाई पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और तेज होगी तथा नगर निगम आधुनिक तकनीक के माध्यम से हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर तीर्थस्थलों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

 

कार्यक्रम के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर योगेश मिश्रा, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

नगर निगम के अनुसार कांवड़ मेला-2026 से पहले की गई यह व्यवस्था स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है। नई मशीनों के संचालन से घाटों की सफाई अधिक प्रभावी, तेज और व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी, जिससे हरिद्वार की धार्मिक गरिमा, स्वच्छता और सौंदर्य को नई मजबूती मिलेगी तथा कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *