देहरादून। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण अंग है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विभिन्न रोगों से बचाव में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की समग्र दृष्टि भी प्रदान करता है।
वैश्विक स्तर पर मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। भारत की प्राचीन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान परंपरा को दुनिया के विभिन्न देशों में स्वीकार्यता मिलना गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा से भी जुड़ी हुई है। राज्य में आयुर्वेद और उससे संबंधित ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
