Your Website Description

बिजली बिल बकाया होने पर BSNL टावर का कनेक्शन काटा, निजमूला घाटी की 15 ग्राम सभाओं में नेटवर्क ठप

10.72 लाख रुपये का बिल बकाया, आपसी विवाद में ग्रामीण परेशान; आपात स्थिति में भी नहीं लग रहे फोन

गोपेश्वर। निजमूला घाटी में बीएसएनएल के एकमात्र मोबाइल टावर का बिजली कनेक्शन काटे जाने से करीब 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया है। बिजली विभाग ने 10 लाख 72 हजार 280 रुपये का बिल बकाया होने पर यह कार्रवाई की। नेटवर्क बंद होने से ग्रामीणों का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। सबसे अधिक परेशानी आपात स्थिति में फोन नहीं लगने से हो रही है।

बिजली विभाग के जेई दीपक राणा ने बताया कि बीएसएनएल पर कई वर्षों से बिजली बिल बकाया था। विभाग की ओर से कई बार भुगतान के लिए सूचना दी गई, लेकिन बिल जमा नहीं होने पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं, बीएसएनएल के एसडीओ राजेश सैनी ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विभाग को 30 नवंबर तक बकाया बिल जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन इससे पहले ही शनिवार को बिजली कनेक्शन काट दिया गया। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है।

ब्यारा के पूर्व प्रधान बृजलाल ने बताया कि घाटी में बीएसएनएल का यही एकमात्र मोबाइल टावर है। इसके बंद होने से करीब 15 ग्राम सभाओं के ग्रामीण नेटवर्क से कट गए हैं। बाहर रहने वाले परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है और आपात स्थिति में भी फोन नहीं लग रहे हैं।

भाजपा नेता बीरेंद्र फर्स्वाण ने दोनों विभागों से आपसी विवाद का जल्द समाधान कर टावर की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभागों के विवाद का खामियाजा ग्रामीणों को नहीं भुगतना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *