मीना राणा की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे दर्शक, ‘द्रौपदी स्वयंवर’ के मंचन ने जीवंत की पौराणिक परंपरा
देहरादून। झूझूड़ा बैंकुंठ प्रदर्शनी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पहाड़ी संगीत के नाम रही। लोकगायिका मीना राणा सहित स्थानीय और प्रदेश के अन्य कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, बच्छणस्यूं मंडाण एवं हिमालय सांस्कृतिक समिति रुद्रप्रयाग के कलाकारों ने ‘द्रौपदी स्वयंवर’ का भव्य मंचन कर पौराणिक परंपराओं को जीवंत किया।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत ने किया। इसके बाद लोकगायिका मीना राणा, अंजलि खरे, सौरभ मैठाणी, विवेक नौटियाल, अमित सागर और अंजू नेगी ने गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से माहौल संगीतमय बना दिया। कलाकारों ने पहाड़ की संस्कृति, प्रेम और जनजीवन से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। खासकर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और नृत्य कर उत्साह जताया।

इससे पहले बच्छणस्यूं मंडाण एवं हिमालय सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने महाभारत प्रसंग पर आधारित ‘द्रौपदी स्वयंवर’ का पारंपरिक नाट्य मंचन किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से इस पौराणिक प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। दर्शक प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध नजर आए। समिति अध्यक्ष अंकित रावत सहित पूरी टीम के अभिनय और मंचन की दर्शकों ने सराहना की।
इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि मेले के माध्यम से उत्तराखंड के लोक कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं को अधिक से अधिक मंच और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। पहाड़ की लोकसंस्कृति हमारी पहचान है। इसे संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहन देना और युवाओं को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना भी है।
