टिहरी। आगामी राष्ट्रीय स्तर के सरस मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल ने 21 अगस्त को मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस मैदान में 6 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय सरस मेला आयोजित किया जाना है, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों और शिल्पकारों के जुटने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत को निर्देश दिए कि 25 सितंबर से मेला समाप्ति तक खेल मैदान को केवल सरस मेले के लिए आरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन की दृष्टि से मैदान में हो रहे निर्माण और सुधार कार्यों को समय पर पूरा किया जाना बेहद जरूरी है। इस पर संबंधित विभागों को शीघ्रता से कार्य संपन्न करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए पुष्पेंद्र चौहान, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, खंड विकास अधिकारी नरेंद्रनगर श्रुति वत्स, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और सुनिश्चित किया कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रीय सरस मेला स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के लिए बड़ा अवसर साबित होगा। इस आयोजन से न केवल क्षेत्र की हस्तशिल्प और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
