Your Website Description

बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी पर लगेगी लगाम, मोरी में ब्लॉक स्तरीय मंथन बैठक आयोजित

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने बनाई रणनीति, ग्राम पंचायत स्तर तक चलेगा जागरूकता अभियान

पुरोला। बच्चों के सुरक्षित बचपन और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए बाल विवाह, बाल मजदूरी एवं बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अब ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मोरी विकासखंड के माधवपुरम, नेटवाड़ स्थित श्री कर्ण सेवा आश्रम में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तरीय परामर्श एवं मंथन बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयासों और विभागीय समन्वय को जरूरी बताया।

बैठक में कहा गया कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को आगे आना होगा। सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को आपसी तालमेल के साथ निरंतर काम करना होगा।

इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, अभिभावकों और ग्रामीणों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल विवाह और बाल शोषण जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *