गोपेश्वर। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत ने राजस्व आधारित स्वावलंबन का मॉडल विकसित किया है। धाम में प्रवेश करने वाले वाहनों से वसूले जाने वाले ईको पर्यटन शुल्क से प्राप्त आय का उपयोग अब बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विस्तार में किया जा रहा है। इससे पथ प्रकाश, सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विकास कार्यों और एंबुलेंस संचालन जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को मजबूती मिल रही है।
2022 में जारी हुई थी ईको पर्यटन शुल्क की अधिसूचना
नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से वर्ष 2022 में जारी गजट अधिसूचना के बाद धाम में प्रवेश करने वाले वाहनों से ईको पर्यटन शुल्क वसूला जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित शुल्क के अनुसार चारपहिया वाहन से 60 रुपये, टेंपो ट्रैवलर एवं मिनी बस से 100 रुपये, बस से 120 रुपये तथा हेलीकॉप्टर से प्रति प्रवेश एक हजार रुपये शुल्क लिया जाता है।

इससे प्राप्त राजस्व को धाम की स्वच्छता, पर्यटन सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के विस्तार पर खर्च किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रा सीजन में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और बैरियर संचालन का खर्च भी इसी मद से वहन किया जाता है।
देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था से आसान हुआ शुल्क भुगतान
धाम में हर साल बढ़ती तीर्थयात्रियों और वाहनों की संख्या को देखते हुए शुल्क भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नगर पंचायत ने वर्ष 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था शुरू की थी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों को शुल्क भुगतान के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करना और यातायात एवं शुल्क संग्रहण व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाना है।
चालू वर्ष में 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की आय
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चालू वर्ष में ईको पर्यटन शुल्क से नगर पंचायत बदरीनाथ को कुल 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये की आय हुई है। इसमें वाहनों से 1 करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये तथा अन्य मदों से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस आय से बदरीनाथ धाम में बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विस्तार को मजबूती मिल रही है। यात्रा के दौरान बढ़ते दबाव के बीच इन संसाधनों का उपयोग स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा रहा है।
अन्य नगर निकायों के लिए भी बन सकता है मॉडल
नगर पंचायत बदरीनाथ का यह राजस्व आधारित मॉडल स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। ईको पर्यटन शुल्क से प्राप्त धनराशि को स्थानीय व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाने से धाम में नागरिक सुविधाओं के संचालन में सहायता मिल रही है।
इस तरह बदरीनाथ धाम में पर्यटन और तीर्थाटन से प्राप्त राजस्व का उपयोग स्थानीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ अन्य नगर निकायों के लिए भी स्वावलंबन की दिशा में एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
