श्रीनगर। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 6.5 किलोमीटर लंबे मंझाकोट–वनसा–गल्याली मोटर मार्ग के निर्माण एवं पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का विधायक विनोद कंडारी ने शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 792.34 लाख रुपये (करीब 7.92 करोड़ रुपये) की स्वीकृत लागत से कार्य किया जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। मंझाकोट–वनसा–गल्याली मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला मंत्री नरेंद्र कुंवर, मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य अवतार पंवार, ग्राम प्रधान मंजू देवी राणा, मुकेश कठैत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
