Your Website Description

धनौरी में समरसता संकल्प यात्रा में शामिल हुए CM धामी, गुरु रविदास के आदर्श अपनाने का आह्वान

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिले के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत रविदास महाराज के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उनकी समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से प्रदेश में सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। कानून की नजर में जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है।

अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इस धनराशि से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए प्रदेश में पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दंपत्तियों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

इसके अलावा शादी अनुदान योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संचालित नमस्ते योजना का भी उल्लेख किया। कहा कि इसके माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक सफाई के कार्यों से मुक्त करने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।

सामाजिक एकता का संदेश देती है यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने लोगों से संत रविदास महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी, महंत अरुणदास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, मेयर अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *