IWMI और IIT रुड़की की संयुक्त पहल से तैयार होगी वन हेल्थ कार्ययोजना, जल प्रदूषण के हॉटस्पॉट की पहचान के साथ जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध पर होगा मंथन
देहरादून। उत्तराखंड में जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक और बहु-विभागीय स्तर पर ठोस पहल की जा रही है। इसी दिशा में इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रुड़की (IIT रुड़की) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर 2026 को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला का मुख्य विषय ‘Co-designing One Health Interventions for Water Pollution and Waterborne Antimicrobial Resistance (AMR) at River Basin Scale in Uttarakhand’ रखा गया है।
CGIAR के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वेटिक फूड्स (SAAF) कार्यक्रम और वन हेल्थ (One Health) दृष्टिकोण के तहत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौतियों का वैज्ञानिक आकलन कर प्रभावी समाधान विकसित करना है। इसमें नदी बेसिन स्तर पर जल गुणवत्ता, पर्यावरण, पशु स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य को एकीकृत रूप से देखते हुए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।

जल प्रदूषण के हॉटस्पॉट की होगी पहचान
कार्यशाला में जल गुणवत्ता निगरानी और जलविज्ञान मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण एवं AMR के हॉटस्पॉट और उनके प्रसार के मार्गों की पहचान पर चर्चा की जा रही है। इसके लिए SWAT + BFTM मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पूर्वानुमान ढांचे का उपयोग करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
इसके साथ ही सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करने और भूमि, जल एवं खाद्य प्रणालियों में जलजनित AMR को कम करने के लिए बहुक्षेत्रीय ‘कैटलॉग ऑफ सॉल्यूशंस’ विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसमें प्रदूषण के स्रोत से लेकर मानव और अन्य जीवों तक उसके संभावित संपर्क और प्रभाव को समझने का प्रयास किया जाएगा।
विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच बनेगा समन्वय
कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य और नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के साथ ICAR, BAIF, WHO तथा विभिन्न शोध एवं सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञ सहभागिता कर रहे हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग विभागों और संस्थानों के अनुभव एवं वैज्ञानिक विशेषज्ञता को एक मंच पर लाकर साझा कार्ययोजना तैयार करना है।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि दिलीप जावलकर, सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक (WMD) ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ नदी कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नदी की पारिस्थितिकी और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास बेहद जरूरी हैं।
वैज्ञानिक मॉडलिंग से तैयार होंगी नदी पुनर्जीवन की योजनाएं
IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की समस्या से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग और विभिन्न हस्तक्षेपों के संभावित प्रभावों के आकलन पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यशाला के दौरान SWAT + BFTM मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन की मौजूदा स्थिति और विभिन्न हस्तक्षेप परिदृश्यों को प्रस्तुत किया। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर नदी कायाकल्प की प्रभावी योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
दो दिवसीय इस कार्यशाला से सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण नियंत्रण, जलजनित AMR की रोकथाम और नदी पारिस्थितिकी के संरक्षण के लिए एकीकृत एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने की उम्मीद है।
