पितरों की स्मृति एवं उद्धार के लिए सौड़ गांव में हुआ आयोजन, कथावाचक आचार्य अंबिका प्रसाद रतूड़ी ने बताए भागवत कथा के आध्यात्मिक महत्व
नई टिहरी। पट्टी भदूरा के ग्राम पंचायत सौड़ निवासी मुकेश चंद्र व्यास के परिवार की ओर से अपने पितरों के उद्धार एवं उनकी स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ हवन और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हो गया। कथा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कथा के समापन अवसर पर कथावाचक आचार्य अंबिका प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की कला, आत्मज्ञान और परमात्मा से जुड़ने का मार्ग दिखाने वाला दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस घर में पितरों के निमित्त श्रद्धा और भक्तिभाव से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां पितरों के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि, शांति और वैभव का वातावरण बना रहता है।

इस अवसर पर कथा श्रवण करने पहुंचे प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से गांव, क्षेत्र और समाज में संस्कार, सद्बुद्धि तथा आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को धर्म और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कथा के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सौड़ नीलकंठ व्यास, ग्राम प्रधान कुड़ी सुरेश रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रवीण व्यास, पूर्व प्रधान एवं शिक्षक सुधीर व्यास, वरिष्ठ समाजसेवी विपुल व्यास, सुभद्रा देवी, मुकेश चंद्र व्यास, चंद्रा देवी, कृष्ण चंद्र व्यास, नवीन चंद्र व्यास, नरेश चंद्र व्यास, कौशल्या देवी सहित दिव्यांशु, प्रियांशु, अभिषेक, अथर्व, प्रेरणा, आरना एवं शिव्यांशु समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
