आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, हिमाचल के कसोल से चरस लाने की बात कही
देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे में मौजूद काले रंग के बैग से चरस बरामद हुई। मामले में थाना क्लेमेंटाउन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

तकनीकी इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई
एसटीएफ उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर STF/ANTF की विभिन्न यूनिटों द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट जुटाए। सटीक सूचना मिलने पर आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में उसके बैग से 1 किलो 108 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ के चरस होने की पुष्टि हुई।
हिमाचल के कसोल से चरस लाने की बात कही
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान युसुफ पुत्र तौसीफ, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटना, बिहार का निवासी बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लेकर देहरादून आया था। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में थाना क्लेमेंटाउन में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

STF और क्लेमेंटाउन पुलिस की टीम रही शामिल
कार्रवाई में STF/ANTF की ओर से निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठानी, कांस्टेबल रवि पंत, प्रदीप कुमार और दीपक नेगी शामिल रहे। वहीं, थाना क्लेमेंटाउन पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल रणवीर शाह ने कार्रवाई में सहयोग किया।
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
एसटीएफ उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल न होने का आह्वान किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने या STF/ANTF उत्तराखंड को सूचित करें।
