Your Website Description

नन्हे कलाकारों ने नृत्य के माध्यम से कराई ‘अराउंड द वर्ल्ड’ की सैर

देहरादून। द पॉली किड्स, वसंत विहार, देहरादून का 18वां वार्षिक समारोह सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। ‘अराउंड द वर्ल्ड’ थीम पर आधारित इस समारोह में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों की संस्कृति, परंपराओं और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में करीब 500 अभिभावकों ने प्रतिभाग कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह में विद्यालय की प्रत्येक कक्षा ने एक अलग देश की संस्कृति को मंच पर जीवंत किया। प्ले ग्रुप के नन्हे बच्चों ने कोरियाई नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं अफ्रीकी नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति ने मंच को रंगों और उत्साह से भर दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने चीनी नृत्य के माध्यम से वहां की संस्कृति की झलक दिखाई। जापानी नृत्य और यूनाइटेड किंगडम की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत पर आधारित ग्रैंड फिनाले रहा। इसमें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। नन्हे कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने किया समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।

इस अवसर पर द पॉली किड्स के चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रू ने अतिथियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय की शिक्षण पद्धति और शैक्षिक दृष्टिकोण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय खेल-आधारित शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान और समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

निदेशकों ने किया अतिथियों का स्वागत

विद्यालय की निदेशक नंदिता सिंह और कैप्टन रोहित सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की शानदार सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।

वार्षिक समारोह में संस्थापक निदेशक रंजना महेंद्रू, विनोद भट्ट, शिप्रा आनंद, शगुन बिश्नोई, सिद्धार्थ चंदोला, शालिनी, कोमल तिवारी और चलगा, ऋषभ डोभाल सहित विद्यालय के अन्य निदेशक उपस्थित रहे। इसके अलावा अकादमिक एवं एक्टिविटी हेड्स दिव्या जैन और दीप्ति सेठी भी समारोह में मौजूद रहीं।

संस्कार, संस्कृति और आत्मविश्वास का संदेश दे गया समारोह

द पॉली किड्स का 18वां वार्षिक समारोह बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ का शानदार मंच बना। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति का सम्मान करने, वैश्विक विविधता को समझने और आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *