21 नवंबर को होगा साक्षात्कार, कुलपति ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र; पर्यटन विभाग ने जताई खुशी
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग के विद्यार्थियों ने रोजगार के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। विभाग के 19 छात्र-छात्राओं का प्रतिष्ठित पर्यटन एवं ट्रैवल कंपनी SITA World Travel में फाइनल चयन साक्षात्कार के लिए चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों का अंतिम साक्षात्कार 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

साक्षात्कार के लिए रवाना होने से पहले सभी चयनित छात्र-छात्राएं पर्यटन विभाग के निदेशक प्रो. राकेश कुमार ढोडी एवं डॉ. अनुराग के साथ विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। इस दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कुलपति ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए साक्षात्कार की तैयारियों और उसकी बारीकियों के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में सफलता के लिए आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, प्रभावशाली संवाद कौशल, विषय का व्यावहारिक ज्ञान और व्यक्तित्व की बेहतर प्रस्तुति बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के निदेशक प्रो. राकेश कुमार ढोडी ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही उन्हें पर्यटन उद्योग से जोड़ने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रतिष्ठित पर्यटन कंपनियों में विद्यार्थियों की भागीदारी और चयन प्रक्रिया तक पहुंचना विभाग के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी आगामी साक्षात्कार में भी बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और पर्यटन विभाग का नाम रोशन करेंगे।
