बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती बोले- सहकारिता से मजबूत होगी पहाड़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था
चमोली। पहाड़ के किसानों, काश्तकारों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चमोली जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से ज्योतिर्मठ विकासखंड में वृहद ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न लाभार्थियों को कुल 66 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि पहाड़ की असली समृद्धि किसानों, युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में है। सहकारी बैंक की ऋण योजनाएं लोगों को स्वरोजगार शुरू करने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होंगी।

उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। इसके माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बैंकिंग सुविधाएं और आर्थिक योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर कृषि, पशुपालन और लघु उद्यमों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
ऋण मेले में वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलने से ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमित सती, प्रदीप फर्स्वाण, राकेश भंडारी, नगर पालिका पार्षद प्रवेश डिमरी, सौरव राणा, भगवती नंबूरी, लक्ष्मण फरकिया, जिला सहकारी बैंक के डीजीएम विश्वविजय और बैंक प्रबंधक अमित शाह सहित विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
