रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सांदर में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कैबिनेट मंत्री एवं ग्राम्य विकास तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत 2.85 किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्य पर 4.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही पोखरी मोटर मार्ग से सांदर गांव को जोड़ने के लिए जिला योजना के तहत 15 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि सड़क का डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने से सांदर गांव के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। पोखरी मोटर मार्ग से जुड़ने के बाद क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि से संबंधित कार्य को भी जल्द पूरा कराया जाएगा।

गांवों तक सड़क पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने की है। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
पीएमजीएसवाई के तहत रुद्रप्रयाग की 50 से अधिक सड़कें प्रस्तावित
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के द्वितीय चरण में उत्तराखंड की 528 सड़कों को जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है। इनमें रुद्रप्रयाग जनपद की 50 से अधिक सड़कें प्रस्तावित हैं। इन सड़कों को मंजूरी मिलने से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विजयपाल जगवान ने अतिथियों का स्वागत किया और सांदर गांव में सड़क डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू कराने पर कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया।
