आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का चौथे दिन और आशा कार्यकर्ताओं का छठे दिन भी प्रदर्शन जारी, मानदेय वृद्धि और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
पुरोला। तहसील परिसर पुरोला में विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और आशा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां आंदोलन के चौथे दिन, जबकि आशा कार्यकर्ता छठे दिन भी धरने पर डटी रहीं। दोनों संगठनों की कार्यकर्ताओं ने सरकार से अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई।
धरनास्थल पर पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपनी लंबित मांगों के जल्द निस्तारण की मांग दोहराई। वहीं आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

धरनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक मालचंद
आंदोलन के दौरान पूर्व विधायक मालचंद भी दोनों संगठनों के धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
धरने में दोनों संगठनों की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्त्रियां एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने सरकार से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की।
