Your Website Description

जेनी प्रकरण पर रुचि भट्ट ने कांग्रेस को घेरा, हरक सिंह रावत को पद से हटाने की मांग

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने जेनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से हरक सिंह रावत को तत्काल चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

रुचि भट्ट ने कहा कि जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों और उनकी पत्नी दीप्ति रावत तथा सोनिया रावत के सार्वजनिक बयानों के बाद मामला और गंभीर हो गया है। ऐसे में कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

उन्होंने राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस महिला सम्मान और अधिकारों की बात करती है, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता पर उठते हैं तो नेतृत्व मौन क्यों है?

रुचि भट्ट ने कहा कि किसी वरिष्ठ राजनेता पर गंभीर आरोप सार्वजनिक होने के बाद उनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला न्याय किसी भी पार्टी की राजनीति से बड़ा विषय है। किसी महिला की आवाज को राजनीतिक नफा-नुकसान के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि वह इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *